Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 04 फरवरी । प्रत्येक ब्रजवासी को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से केडी विश्वविद्यालय और श्री माताजी गौवंश सेवा संस्थान, बरसाना के बीच तीन फरवरी को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। अनुबंध पत्रों पर हस्ताक्षर केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी और श्री माताजी गौवंश सेवा संस्थान, बरसाना के अध्यक्ष ब्रज शरण दास ने किए। इस अनुबंध के बाद अब दोनों संस्थान आपसी सामंजस्य से जन-जन को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे। कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने बताया कि केडी विश्वविद्यालय चिकित्सा अनुसंधान, नवाचार, स्वास्थ्य शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मिल-जुलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में प्रत्येक भावी चिकित्सक और टेक्नीशियन को पुस्तकीय ज्ञान के साथ ही व्यावहारिक और प्रायोगिक अनुभव दिलाना भी है। डॉ. लाहौरी ने बताया कि इस समझौते का उद्देश्य समाज की सेवा करना है, प्रत्येक ब्रजवासी को निरोगी रखना है। रोगी का धन और समय बचे इसके जमीनी प्रयास करना है।

डॉ. लाहौरी ने कहा कि अब केडी विश्वविद्यालय और श्री माताजी गौवंश सेवा संस्थान के संयुक्त प्रयासों से ब्रजवासियों को निरोगी रखने के लिए समय समय पर स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन किए जाएंगे। गम्भीर रोगियों को उपचार हेतु अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। डॉ. लाहौरी ने कहा कि इस अनुबंध के तहत दोनों पक्ष प्रत्येक ब्रजवासी को मनोवैज्ञानिक परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग तथा स्वस्थ रहने में मदद करेंगे। केडी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल तथा उप कुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने इस अनुबंध को प्रत्येक ब्रजवासी के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आपसी सहयोग से हर समस्या का समाधान सम्भव है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि केडी विश्वविद्यालय और श्री माताजी गौवंश सेवा संस्थान के बीच जो समझौता हुआ है उससे प्रत्येक ब्रजवासी को निरोगी रखने में मदद मिलेगी। उप कुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने कहा कि केडी विश्वविद्यालय शिक्षा ही नहीं समाज सेवा के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका को लेकर सजग है। श्री अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ अपनी स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार विस्तार कर रहा है। इस अनुबंध से ब्रजवासियों को स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी।

श्री माताजी गौवंश सेवा संस्थान, बरसाना के अध्यक्ष ब्रज शरण दास ने अनुबंध को समसामयिक बताते हुए कहा कि  इससे प्रत्येक ब्रजवासी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में नई नई बीमारियां सामने आ रही हैं, ऐसे में हम केडी विश्वविद्यालय से जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। सच कहें तो इस समझौते का लाभ समूचे ब्रज को मिलेगा। क्योंकि यह समझौता पारस्परिक इच्छा की अभिव्यक्ति है। अध्यक्ष ब्रज शरण दास ने कहा कि यह अनुबंध स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में ब्रजवासियों में नजीर बने इसके लिए श्री माताजी गौवंश सेवा संस्थान किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ेगा। हर ब्रजवासी निरोगी रहे यही इस अनुबंध का एकमात्र उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page