
लखनऊ 02 फरवरी । प्रदेश में पुलिस बल के 98 प्रतिशत से अधिक कर्मियों ने अपनी चल-अचल संपत्तियों का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। शासन के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस विभाग ने अनुशासन का परिचय दिया है। बताया गया है कि जिन करीब दो प्रतिशत पुलिसकर्मियों ने अभी तक संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है, उनमें अधिकांश लंबी छुट्टी पर गए, अनुपस्थित अथवा निलंबित कर्मी शामिल हैं। शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि सभी राज्यकर्मी निर्धारित समय सीमा के भीतर मानव संपदा पोर्टल पर अपनी संपत्तियों का विवरण दर्ज कराएं। मुख्य सचिव के निर्देश के क्रम में जिन कर्मियों ने संपत्ति विवरण नहीं दिया है, उनका जनवरी माह का वेतन रोक दिया गया है। पुलिस विभाग में भी ऐसे करीब दो प्रतिशत कर्मियों का वेतन फिलहाल जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी 98 प्रतिशत पुलिसकर्मियों ने अपनी संपत्तियों का विवरण उपलब्ध कराया था, जिसे तकनीकी सेवा शाखा के माध्यम से मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया गया था।

















