
लखनऊ 02 फरवरी । डीजीपी मुख्यालय ने नागरिक पुलिस के 121 उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर प्रोन्नत कर दिया है। इसके साथ ही 384 मुख्य आरक्षियों को उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा ज्येष्ठता के आधार पर वर्ष 2025 की रिक्तियों के सापेक्ष पदोन्नति के लिए उपयुक्त पाए गए कर्मियों की सूची डीजीपी मुख्यालय को उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद डीआईजी स्थापना अखिलेश कुमार चौरसिया द्वारा पदोन्नति संबंधी आदेश जारी कर दिए गए। हालांकि, 186 उप निरीक्षकों को पदोन्नति के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया, जबकि 82 उप निरीक्षकों के लिफाफे उनके विरुद्ध जांच प्रचलित होने के कारण बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसी प्रकार 4 मुख्य आरक्षी पदोन्नति के लिए अयोग्य पाए गए, जबकि 30 मुख्य आरक्षियों के लिफाफे बंद रखे गए हैं। डीजीपी मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के बाद पुलिस महकमे में पदोन्नति को लेकर हलचल देखी जा रही है।

















