
हाथरस 01 फरवरी । जब सेवा का संकल्प हृदय में हो और प्रेरणा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी जैसे महापुरुषों से मिले, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की लहर दौड़ना निश्चित है। इसी भावना को साकार करते हुए जनपद के प्रमुख सामाजिक संगठन निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा बागला जिला अस्पताल, हाथरस में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस शिविर ने गुरुजी के “मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है” के संदेश को जीवंत किया। शिविर में कुल 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो कई जरूरतमंद और गंभीर मरीजों के लिए जीवन की आशा बनेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। सुबह से ही युवाओं एवं संस्थान के वॉलिन्टियर्स में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला अस्पताल की कुशल चिकित्सक टीम एवं ब्लड बैंक विभाग के सहयोग से रक्तदान प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। रक्तदाताओं का पहले हीमोग्लोबिन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। चिकित्सकों के अनुसार, एकत्रित किया गया यह रक्त आपातकालीन स्थितियों, सड़क दुर्घटनाओं और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, प्रेम और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। हमारे द्वारा दी गई रक्त की एक यूनिट किसी परिवार का बुझता हुआ चिराग बचा सकती है। निस्वार्थ सेवा संस्थान गुरु रविदास जी के आदर्शों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। शिविर की विशेष बात यह रही कि पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं की संख्या काफी अधिक रही। कई युवाओं ने इसे अपने जीवन का “गर्व का क्षण” बताया। शिविर के दौरान रक्तदान के साथ-साथ अंगदान एवं नियमित रक्तदान के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।संस्थान के वॉलिन्टियर्स ने अनुशासन, स्वच्छता और सेवा भाव के साथ पूरे अस्पताल परिसर में एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण बनाए रखा। गौरतलब है कि निस्वार्थ सेवा संस्थान हाथरस में केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि रोटी बैंक, मूक पशु सेवा, लावारिस पार्थिव देह का सम्मान, गरीब कन्याओं का विवाह एवं शिक्षा जैसे सामाजिक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था का मूल उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, रक्तदान प्रभारी ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सत्येंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सुलभ गर्ग, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, यश वार्ष्णेय, टेकपाल कुशवाह, सुनील कुमार सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला काउंसलर अरुण सूर्या, सिमरन, गोपाल सिंह (एलटी), विशाल, ऋचा सेंगर एवं शमशेर खान ने भी सहयोग प्रदान किया।
















