
सिकंदराराऊ 01 फरवरी । मैदामई एवं सिधोली क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर को चालू कराने की मांग को लेकर मिले व्यापक जनसमर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि अब जनता स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर है और अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने को पूरी तरह तैयार है। पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. राकेश सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रॉमा सेंटर को चालू कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान 16 जनवरी 2026 से 16 फरवरी 2026 तक सिकंदराराऊ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिकंदराराऊ जीटी रोड पर स्थित नगर है, जहां भारी यातायात के कारण सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसी स्थिति में वर्षों से ट्रॉमा सेंटर का बंद रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। डॉ. राणा ने 2 जुलाई 2024 को भोले बाबा के कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार लगभग 121 लोगों की मृत्यु हुई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। यदि उस समय ट्रॉमा सेंटर पूरी तरह संचालित होता, तो कई निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से सीएचसी सिकंदराराऊ में ट्रॉमा सेंटर की स्वीकृति मिली थी और दिसंबर 2016 तक भवन भी बनकर तैयार हो गया था, लेकिन नौ वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो आवश्यक जांच मशीनें उपलब्ध कराई गईं और न ही पैरामेडिकल स्टाफ एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की गई।
डॉ. राकेश सिंह राणा ने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जाति, धर्म और पार्टी के नाम पर वोट देने की प्रवृत्ति के कारण स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वह जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो। उन्होंने यह भी बताया कि हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद जिलाधिकारी हाथरस के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा, जिसमें ट्रॉमा सेंटर को मानकों के अनुसार अविलंब संचालित कराने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर दिनेश सिंह, कमल सिंह बघेल, उमेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, दिवाकर प्रधान, हरपाल सिंह प्रधान, कामेश्वर जाटव, केदार सविता, बदन सिंह बघेल, अखंड प्रताप सिंह, सोलन सिंह प्रधान, शब्बीर खान, लाल सिंह प्रधान, समीर खान, विपिन सिंह, बदन सिंह राघव, जितेंद्र सिंह आंसू, प्रधान सुभाष राघव, सुधीर कुमार, डॉ. सुभाष, रवि कुमार फौजदार, नारायण सिंह, रामबाबू सिंह, जितेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
















