
हाथरस 31 जनवरी । आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस की सचिव अनु चौधरी ने जिला कारागार अलीगढ़ का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेश और जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशानुसार किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने पुरुष एवं महिला बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उनकी समस्याओं के निस्तारण हेतु वरिष्ठ जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए। सचिव ने बंदियों से उनकी तारीख पेशी, भोजन और विधिक सहायता की स्थिति के बारे में जानकारी ली। बंदियों ने बताया कि उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सचिव ने सभी बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी और कहा कि यदि किसी बंदी के पास पैरवी हेतु अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है, तो वह कारागार अधीक्षक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रार्थना पत्र भेज कर निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकता है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ जेलर कमलेन्द्र प्रताप सिंह, डिप्टी जेलर देव दर्शन सिंह और चिकित्सक डॉ. शाहरूख रिजवी एवं अभिषेक गुप्ता उपस्थित रहे।

















