Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 जनवरी । कस्बे के सादाबाद इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सादाबाद कोतवाली की मिशन शक्ति टीम के प्रभारी उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में बिना झिझक प्रशासन की सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन, उत्तर प्रदेश), 181 (महिला सहायता), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) शामिल हैं, जिन पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत पी.एल.बी. यज्ञदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला और इसे समाज से पूरी तरह समाप्त करने का आह्वान किया। शर्मा ने जोर दिया कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है और इसके उन्मूलन में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने अपने संबोधन में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल कानून की जानकारी देते हैं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक भी बनाते हैं। प्रधानाचार्य ने मिशन शक्ति टीम का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर उप निरीक्षक विनोद कुमार, महिला कांस्टेबल पंकज रानी, कांस्टेबल महेश कुमार सहित विद्यालय के प्रवक्ता एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page