
हाथरस 06 जनवरी । वैश्विक बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेतों और घरेलू मांग में उछाल के चलते भारतीय सर्राफा बाजार में आज ऐतिहासिक तेजी देखी गई। हाथरस के हाजिर बाजार में चांदी ने ₹2.51 लाख प्रति किलो के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया है, जबकि सोना भी ₹1,41,500 प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया है। सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नरम रुख के कारण कीमतों में इजाफा हुआ है। नगर के प्रमुख सर्राफा व्यवसाई व आरके ज्वेलर्स के मालिक राजेश अग्रवाल के अनुसार आज ₹7,000 की भारी बढ़त दर्ज की गई। इसके साथ ही चांदी ₹2,54,050 प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। यह लगातार तीसरा दिन है जब चांदी की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। पिछले साल इसी दिन चांदी का भाव 6 जनवरी 2025 को लगभग 93,500 रूपये था। सोने की कीमतों में भी लगातार चौथे दिन बढ़त जारी रही। हाथरस में सोने का भाव 1,41,500 रूपये प्रति दस ग्राम है। जबकि एक वर्ष पूर्व इसी दिन 6 जनवरी 2025 को सोने का भाव 80 हजार रूपये प्रति दस ग्राम था। पिछले एक साल में चांदी ने 2.5 गुना का फायदा दिया है।




















