
लखनऊ 12 दिसंबर । राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य शनिवार को होने वाले उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के निर्वाचन की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा करना था। इस निर्वाचन के बाद 14 दिसंबर को नए अध्यक्ष की घोषणा होगी। चर्चा और मंथन के दौरान यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी प्रदेश अध्यक्ष भी ओबीसी वर्ग से होंगे, जिसमें पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय है। पंकज चौधरी पूर्वांचल के कद्दावत नेता हैं। कुर्मी समाज में उनकी अच्छी पकड़ है। ओबीसी चेहरा होने के नाते पंकज चौधरी की सबसे ज्यादा संभावना जताई जा रही है। आइए जानते हैं कौन हैं पंकज चौधरी?
कौन हैं पंकज चौधरी?
पंकज चौधरी का जन्म 20 नवंबर 1964 को गोरखपुर में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय भगवती प्रसाद चौधरी एक जमींदार थे। उनकी माता उज्ज्वल चौधरी, वे भी राजनीतिक रूप से सक्रिय रहीं। वह महाराजगंज जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। पंकज चौधरी का विवाह 11 जून 1990 को भाग्यश्री चौधरी से हुआ था। वह सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। पंकज और भाग्य श्री को एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
1989 में शुरू किया राजनीतिक सफर
पंकज चौधरी यूपी के महराजगंज से सात बार के सांसद रह चुके है। पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं। पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री हैं। पंकज चौधरी ने अपना राजनीतिक सफर 1989 से शुरू किया था। उन्होंने गोरखपुर नगर निगम में पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत गए। 1989 में ही गोरखपुर से कटकर महाराजगंज अलग जिला बना। इसके बाद से पंकज चौधरी ने महाराजगंज को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया।















