लखनऊ 20 सितंबर । उत्तर प्रदेश में इस वर्ष धान की खरीद पश्चिमी और पूर्वी जिलों में अलग-अलग तिथियों पर होगी। पश्चिमी यूपी में धान की खरीद 1 अक्टूबर से और पूर्वी यूपी में 1 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया 1 सितंबर से आरंभ हो चुकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान खरीद 31 जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी तक चलेगी। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में भी वृद्धि की है। कॉमन-2369 धान का रेट 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। धान बिक्री के लिए किसानों का पंजीकरण अनिवार्य है। किसान खाद्य व रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in या मोबाइल एप UP KISAN MITRA के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। धान की खरीद केवल पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 पर कॉल कर सकते हैं। 20 सितंबर तक करीब 10 हजार किसानों ने खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया है। धान की बिक्री के लिए ओटीपी आधारित सिंगल पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। किसान मोबाइल पर एसएमएस से प्राप्त ओटीपी भरकर पंजीकरण कर सकते हैं। भुगतान सीधे आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। क्रय केंद्रों पर धान की खरीद ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से और किसानों के बायोमीट्रिक सत्यापन के जरिये ही होगी।
इन जिलों में 1 अक्टूबर से होगी खरीद
मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़, झांसी संभाग और लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी व सीतापुर।
इन जिलों में 1 नवंबर से होगी खरीद
चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर व प्रयागराज संभाग। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव में भी 1 नवंबर से खरीद शुरू होगी।