Hamara Hathras

03/07/2024 8:04 am

Latest News

हाथरस 03 जुलाई। जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के रतीभानपुर गांव में चल रहे भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 116 लोगों की मौत हो गई, जिसमें सात बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं, कई की हालत गंभीर है। अब तक 72 लोगों की पहचान हो चुकी है। अभी मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है | राज्य के डीजीपी प्रशांत कुमार ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सभी चीजों की जांच चल रही है। हम निष्कर्ष पर पहुंचकर प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करना चाहते। जांच के निष्कर्षों के आधार पर मामला आगे बढ़ेगा। आज दोपहर सीएम योगी हाथरस पहुंचेंगे और राहत कार्यों का जायजा लेंगे |

पांव छूने की होड़ ने मौत को गले लगाया

पांव छूने की होड़ ने मौत का प्रहसन रच डाला। एक तरफ बाबा के पांव छू लेने की होड़ थी, दूसरी तरफ सेवादारों की बंदिशें। लोग उनकी बंदिशें तोड़कर भागे और मौत की सरहद में जा धंसे। कोई धक्के से गिरा तो कोई फिसलकर। किसी का सीना कुचला तो किसी का सिर। उमस पहले से सांसों पर भारी थी। अस्पतालों में भर्ती लोगों से जब बात की गई तो उनका कहना था कि भीड़ के बीच सांस लेना तक मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान भगदड़ मच गई।

राम कुटीर चैरिटेबल ट्रस्ट में पुलिस का सर्च ऑपरेशन

पुलिस ने भोले बाबा की तलाश में मैनपुरी जिले के राम कुटीर चैरिटेबल ट्रस्ट में तलाशी अभियान चलाया। डिप्टी एसपी सुनील कुमार ने कहा कि हमें कैंपस के अंदर बाबा नहीं मिले। वे यहां नहीं है।मुख्य मेडिकल अधिकारी डॉक्टर आर.सी.गुप्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि हमने जिला अस्पताल, डॉक्टरों और पैरामेडिकल टीम को सतर्क कर दिया है। 30 बेड आरक्षित किए गए हैं।

पीएम मोदी ने किया आर्थिक मदद का एलान

हाथरस हादसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुआवजे का एलान किया है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को पचास-पचास हजार की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

23 शव अलीगढ़ लाए गए

अलीगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट विशाक जी ने कहा कि हाथरस में जितने लोगों की मौत हुई है उसमें से 23 शव अलीगढ़ आ चुके हैं। पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीन घायल JNMC मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जिसमें एक की हालत गंभीर है।

जांच समिति का गठन किया

यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन मंत्रियों को भेजा है। इसके लिए सीएम ने जांच समिति का गठन किया है, जो रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा, ‘जिसकी भी गलती होगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम बुधवार को आएंगे और व्यवस्थाओं को देखेंगे।’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक भक्तों की मौत का समाचार हृदय विदारक है।’ मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं।गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें कष्ट सहने की शक्ति दें।

घटना के चश्मदीदों ने कहा

भगदड़ की घटना के एक चश्मदीद ने कहा कि हम आगरा से सत्संग में शामिल होने आए थे। मेरी 15 साल की बेटी लापता है। आगरा से करीब 20-25 लोग आए थे, लेकिन हमारी बेटी नहीं मिली। वहीं, चश्मदीद सुरेश ने बताया, मैं बदायूं से अपने परिवार के साथ यहां आया था। मेरे छोटे भाई की पत्नी लापता है।

डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे

घटनास्थल एटा सिकंदराराऊ के बॉर्डर पर है। घायलों को बस-टैंपो में लादकर जिला अस्पताल लाया गया है। अब तक 27 शव एटा पोस्टमार्टम गृह पर लाए गए हैं। मृतकों में 23 महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए हैं।एटा शहर के मोहल्ला वनगांव के रहने वाले रामदास की पत्नी सरोज लता की भी मौत हो चुकी है। उनके बेटे और बहू की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि मृतक हाथरस और एटा के रहने वाले हैं। मृतकों के शवों को अलीगढ़ और एटा पहुंचाया जा रहा है।

अब तक 27 शव एटा अस्पताल लाए गए

एटा एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि हाथरस जिले के मुगलगढ़ी गांव में एक धार्मिक आयोजन चल रहा था, तभी भगदड़ मच गई। एटा अस्पताल में अब तक 27 शव आ चुके हैं, जिनमें 23 महिलाएं, 3 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। आगे की जांच की जा रही है।

सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हाथरस में हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को पचास-पचास हजार की आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page