Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 जून । जनपद में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा-2026 को सकुशल, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर NEET-UG पुनर्परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3 राजपत्रित अधिकारी, 4 थाना प्रभारी, 6 निरीक्षक, 15 उपनिरीक्षक एवं महिला उपनिरीक्षक, 45 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल, 25 महिला हेड कांस्टेबल एवं महिला कांस्टेबल तथा 28 होमगार्ड एवं महिला होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त जनपद के प्रमुख चौराहों पर फिक्स पिकेट ड्यूटी लगाई गई है, जहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा से पूर्व एवं परीक्षा समाप्ति के बाद पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखेंगे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की प्रभावी फ्रिस्किंग एवं जांच हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के भीतर केवल अनुमन्य सामग्री जैसे पेन, प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र ही ले जाने की अनुमति होगी। किसी भी अभ्यर्थी को प्रतिबंधित सामग्री अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार के अंदर नहीं ले जाने दिए जाएंगे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनपद की सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी तथा भ्रामक सूचना फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को भी सक्रिय किया गया है, जो परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक एवं लाभप्रद सूचनाएं संकलित करेगी। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से सहयोग बनाए रखने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इन चार केंद्रों पर आवंटित किए गए परीक्षार्थी

  1. सरस्वती इंटर कॉलेज, आगरा रोड : 228 परीक्षार्थी
  2. सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज : 360 परीक्षार्थी
  3. श्री अकूर इंटर कॉलेज, अलीगढ़ रोड : 360 परीक्षार्थी
  4. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, हाथरस : 240 परीक्षार्थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page