Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 अप्रैल । एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर आज जनपद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में खाद, बीज और कृषि रक्षा दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद रख कर पूर्ण हड़ताल की। इस आंदोलन के कारण ग्रामीण क्षेत्रों और कस्बों में कृषि इनपुट का कारोबार पूरी तरह ठप रहा, जिससे व्यापारिक एकजुटता का कड़ा संदेश शासन तक पहुँचाया गया। एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए डीलरों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए हुंकार भरी। आगरा-अलीगढ़ मंडल प्रभारी दिलीप कुमार गौतम के नेतृत्व में सभी व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। चूँकि जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं थे, इसलिए उनकी अनुपस्थिति में ओसी कलेक्ट्रेट को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में डीलरों की लंबित 15 सूत्रीय मांगों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।

मंडल प्रभारी दिलीप कुमार गौतम ने हमारा हाथरस से बात करते हुए बताया कि डीलर लंबे समय से कई तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। एसोसिएशन का अनुरोध है कि शासन इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक और सकारात्मक निर्णय ले। उनका तर्क है कि यदि डीलरों की समस्याएं हल होती हैं, तो इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा और कृषि व्यापार भी पारदर्शी व सुरक्षित बनेगा। प्रदर्शन के दौरान हाथरस के जिलाध्यक्ष अजय पालीवाल के साथ भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से मनोज अग्रवाल, पंकज श्रोती, शैलेन्द्र शर्मा, मनोज कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, विनोद कुमार, और पंकज सेंगर सहित जनपद के कोने-कोने से आए सैकड़ों डीलर इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बने। व्यापारियों के इस बंद को प्रदेश भर में अभूतपूर्व समर्थन मिला है। डीलरों का कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगें नहीं मानी जातीं, वे अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। आज की इस हड़ताल से खाद-बीज की दुकानों पर सन्नाटा पसरा रहा, जिससे खाद और कीटनाशकों की खरीद के लिए आए किसानों को बिना सामान लिए ही वापस लौटना पड़ा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page