
हाथरस 31 मार्च। जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इस अभियान के तहत महिला बीट पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमों द्वारा विद्यालयों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद आयोजित कर लिंगानुपात, बाल विवाह और महिला हिंसा जैसे गंभीर विषयों पर समाज को जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ और आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ ही विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया प्राइवेसी और थानों में स्थापित महिला हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए महिलाओं को निर्भीक होकर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थलों पर सादे कपड़ों में तैनात एंटी रोमियो टीम द्वारा मनचलों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है ताकि महिलाएं सुरक्षित परिवेश में शिक्षा और कार्य कर सकें।





















