हाथरस 15 मार्च । हाथरस में ब्राह्मण समाज ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में एक प्रश्न को लेकर कड़ा विरोध जताया है। संगठन का आरोप है कि प्रश्नपत्र में शामिल एक विकल्प से ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। ब्राह्मण सभा अध्यक्ष योग पंडित और अखिल ब्राह्मण सेवा मंडल अध्यक्ष संजीव उपाध्याय ने जारी बयान में कहा कि सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में “अवसर के लिए बदल जाने वाला” प्रश्न के चार वैकल्पिक उत्तरों में से एक विकल्प “पंडित” दिया गया था, जिसे उन्होंने ब्राह्मण समाज का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा सरकार द्वारा आयोजित की जाती है, ऐसे में इस प्रकार का प्रश्न शामिल होना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ब्राह्मण समाज के प्रति सरकार की सामाजिक सम्मान नीति पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने और उसे जांचने वाले पैनल को इस मामले के लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए परीक्षा को निरस्त कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मंडल ने इस पूरे प्रकरण की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए जल्द उचित कार्रवाई की मांग की है।
























