
हाथरस 11 नवंबर । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुधवार को एमजी पॉलिटेक्निक, हाथरस का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए विधानसभा वार प्रस्तावित स्ट्रांग रूम तथा मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतगणना के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे परिसर का भ्रमण किया और स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल के लिए उपलब्ध स्थान, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से प्रारंभ कर निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कराई जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन स्थानों पर व्यवस्थाओं से संबंधित कोई कमी अथवा समस्या दिखाई दे, उनका समय रहते चिन्हांकन कर संबंधित अधिकारी उसका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी होना आवश्यक है, ताकि मतदान और मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या का सामना न करना पड़े।









