
हाथरस 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर कछपुरा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर ने की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद विधायक अंजुला सिंह माहौर ने उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना हम सभी का दायित्व है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों का सम्मान करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान की प्रस्तावना के प्रथम शब्द ‘हम भारत के लोग’ ही हमारी वास्तविक शक्ति का प्रतीक हैं। लोकतंत्र में सबसे अधिक शक्तिशाली देश की जनता होती है, क्योंकि जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधायिका का चुनाव करती है और विधायिका के माध्यम से कार्यपालिका का संचालन होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में अमीर और गरीब सभी के मत का समान महत्व है। प्रत्येक नागरिक का एक वोट बराबर कीमत रखता है और यही व्यवस्था जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने की शक्ति प्रदान करती है। संविधान ने हमें यह अधिकार दिया है कि देश का शासन किसी राजवंश या जन्म के आधार पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संचालित हो।
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और अपने निर्णय स्वयं लेने के लिए स्वतंत्र है। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने की परिकल्पना करता है। यही हमारे लोकतंत्र की मूल भावना और संविधान की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।










