
हाथरस 16 नवंबर। न्यायालय ने सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में अभियुक्त को दोषी ठहराते हुए न्यायालय उठने तक की सजा एवं 1 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली नगर हाथरस में मु0अ0सं0 426/2020, धारा 279 एवं 338 भादवि के तहत रामकिशन पुत्र कल्याण सिंह निवासी असरोई बगोली कमालपुर, थाना मुरसान, जनपद हाथरस के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना पुलिस द्वारा गुणवत्ता बनाए रखते हुए पूरी की गई और अभियुक्त के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। इसके बाद ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए मॉनिटरिंग सेल द्वारा लगातार निगरानी की गई। अभियोजन शाखा एवं मॉनिटरिंग सेल ने न्यायालय में विचारण के दौरान प्रभावी पैरवी करते हुए आवश्यक साक्ष्य एवं तथ्यों को मजबूती से प्रस्तुत किया। इसी प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप 16 नवंबर को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय हाथरस ने अभियुक्त रामकिशन को न्यायालय उठने तक की सजा एवं 1 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।










