Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अक्टूबर। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र प्रशासक कक्ष, केस वर्कर कक्ष, परामर्शदाता कक्ष तथा आश्रय कक्ष का निरीक्षण किया। आश्रय कक्ष में तीन पीड़ित बालिकाएं उपस्थित मिलीं। जिलाधिकारी ने बालिकाओं से आत्मीयतापूर्वक संवाद कर उनका हालचाल जाना और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, विशेषकर भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालिकाओं को एजुकेशन किट प्रदान की तथा केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके लिए आवश्यक पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि पीड़ित बालिकाओं की देखभाल, सुरक्षा और शिक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर की बाउंड्री वॉल से सटे तहसील परिसर का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी को संबंधित क्षेत्र में साफ-सफाई कराने, मिट्टी का भराव कराने तथा भूमि का समतलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page