हाथरस (मुरसान) 16 अक्टूबर । क्षेत्र के गांव करील में राजस्व विभाग की टीम द्वारा सरकारी चकरोड की पैमाइश कर लगाई गई मुड्डियों को उखाड़ने और रास्ते पर बाजरे की करब रखकर कब्जा करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव करील निवासी रामवीर सिंह पुत्र कारे सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव के चकमार्ग को उपजिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम ने 8 अक्टूबर को मौके पर निकलवाया था। इसके बाद राजस्व निरीक्षक और टीम ने चकरोड की सीमा निर्धारित करने के लिए मुड्डियां लगाई थीं। आरोप है कि रमेशचंद्र, दलवीर सिंह, सुरेशचंद्र और रामअवतार पुत्रगण लालाराम, नवरतन पुत्र दलवीर सिंह तथा अरून पुत्र सुरेशचंद्र ने राजस्व टीम द्वारा लगाई गई मुड्डियों को उखाड़कर हटा दिया। साथ ही रास्ते पर बाजरे की करब रखकर कब्जा कर लिया। रामवीर सिंह के विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने और मारपीट पर आमादा हो गए। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।






