
हाथरस 29 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत रविवार को आयोजित विशेष कैंप दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जनपद के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति और कैंपों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय खेड़ा बरामई के बूथ संख्या 06 और 07 तथा सुरजोबाई साह बालिका इंटर कॉलेज, के बूथ संख्या 301 से 311 तक आयोजित विशेष कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम संशोधन और मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए प्राप्त फॉर्म-6 पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाए। वहीं, नाम विलोपन के लिए प्राप्त प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण किया जाए और संबंधित परिवार के सदस्यों से मौके पर सत्यापन कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल न हो और न ही किसी मतदाता का नाम बिना उचित जांच के हटाया जाए। नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से संबंधित सभी कार्य पारदर्शिता, निष्पक्षता और पूरी सावधानी के साथ किए जाएं। डीएम ने अधिकारियों और बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









