Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 नवंबर। जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की मुहिम के बीच भारतीय जनता पार्टी को झटका लगा है। BJP छोड़कर हेमंत सेंगर ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस में घर वापसी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में हेमंत सेंगर सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी की विचारधारा में विश्वास जताया। हेमंत सेंगर के साथ कृष्ण कांत शर्मा एडवोकेट, पूर्व प्रधान ऊतरा पवन कुशवाह, जितेंद्र सिंह चौधरी विलखोरा, चिराग सेंगर, सूरज कुमार, वेद प्रकाश कुशवाह, देवेंद्र कुमार शर्मा, रणवीर बघेल एवं धर्मो पंडित जी तिलोठी ने भी कांग्रेस का हाथ थामा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि हेमंत सेंगर और उनके साथियों की वापसी संगठन के लिए उत्साहजनक है। कांग्रेस हमेशा आम जनता, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हितों की आवाज उठाती रही है। समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि नए साथियों को संगठन में पूरा सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। सभी नए साथी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस में घर वापसी के बाद हेमंत सेंगर ने कहा कि वह BJP की विचारधारा से सहमत नहीं हैं। उनके मुताबिक BJP सरकार में व्यापारी वर्ग की दुर्दशा हो रही है और व्यापारी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार गंभीरता से काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि BJP में रहते हुए उन्होंने वहां की परिस्थितियों को करीब से देखा और महसूस किया कि वह पार्टी की विचारधारा और राजनीति से स्वयं को जोड़ नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस की विचारधारा गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम आदमी के हितों की बात करती है। इसी विश्वास के साथ उन्होंने अपने साथियों के साथ कांग्रेस में वापसी की है। हेमंत सेंगर ने कहा कि पं. विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में वह कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस महासचिव नवीन उपाध्याय, जिला महासचिव श्रीकृष्ण एडवोकेट, हिमांशु कौशिक सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से जिले में संगठन को मजबूती मिलेगी। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page