
हाथरस 18 नवंबर। जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के निर्देश पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी के वाहन सहित अन्य वाहनों पर जनगणना-2027 के जागरूकता स्टीकर लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य जनपदवासियों को 30 नवंबर तक स्वगणना प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करना है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत तिवारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में वाहनों पर जागरूकता स्टीकर लगाए और जनपदवासियों से स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि नागरिक निर्धारित पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर स्वगणना प्रपत्र भर सकते हैं। पोर्टल पर पूछे गए सभी 40 प्रश्नों के उत्तर सही, सटीक और सावधानीपूर्वक दर्ज करना आवश्यक है। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त स्वगणना आईडी को सुरक्षित रखने की भी अपील की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना अभियान नागरिकों को अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर प्रदान करता है। जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता आवश्यक है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में विभिन्न माध्यमों से स्वगणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक 30 नवंबर 2026 तक अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहभागी बन सकें।










