Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 नवंबर। श्री दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज का 75वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के नवनिर्मित मुख्य द्वार का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज गोयल पीईएस द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रमुख शिक्षाविद् स्वर्गीय मक्खन लाल गुप्त के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि साधनविहीन परिस्थितियों के बावजूद मक्खन लाल गुप्त ने हाथरस में वर्ष 1944 में वीसी झूरिया हायर सेकेंड्री स्कूल, वर्ष 1948 में बारहसैनी (अक्रूर) इंटर कॉलेज तथा वर्ष 1952 में अपने पूज्य पिता की स्मृति में श्री दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज की स्थापना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्राकृतिक एवं रमणीक वातावरण, मनमोहक स्वरूप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन यहां के शिक्षकों एवं प्रबंधतंत्र के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी युवक-युवती मतदाता बनने से वंचित न रहे। साथ ही शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्व-जनगणना के प्रति जागरूक किया। समारोह में विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक शिव कुमार वार्ष्णेय, रामकुमार वार्ष्णेय, अशोक कुमार गुप्ता, महेश चन्द्र शर्मा, कैलाश चन्द्र शर्मा, हीरा लाल वर्मा, विजेन्द्र सिंह, चन्द्रपाल सिंह, ओमप्रकाश वार्ष्णेय, नथमल गुप्ता, रघुराज प्रसाद शर्मा, राकेश कुमार जैन, ताराचन्द्र माहेश्वरी, रामकुमार शर्मा, लक्ष्मण प्रसाद, स्वतंत्र कुमार गुप्त एवं डॉ. रामनिवास दुबे को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं कर्मचारी जमुनादास, मानिक चन्द्र और रामप्रसाद को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कॉलेज के भूतपूर्व छात्र एवं जनपद के प्रमुख होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. राजीव लोचन को समाजसेवा और जनसामान्य को समर्पित चिकित्सा सेवाओं के लिए ‘छात्र-रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरपीएम स्कूल के चेयरमैन डॉ. उमाशंकर शर्मा लॉर्ड ने की तथा संचालन अजय कुमार गौड़ और ताराचन्द्र माहेश्वरी ने किया। रानी वार्ष्णेय, वीनू, नीलम गंगवार, सावित्री बघेल, नीरू गुप्ता, कल्पना कुमार और प्रीति वर्मा के निर्देशन में तैयार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर कॉलेज के भूतपूर्व शिक्षक स्वर्गीय आलोक गुप्ता की स्मृति में उनकी पत्नी नीरू गुप्ता द्वारा स्थापित 1000 लीटर क्षमता वाले आरओ प्लांट का उद्घाटन भी जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज गोयल ने किया। कार्यक्रम में डॉ. एससी शर्मा, डॉ. प्रो. सुष्मा यादव, डॉ. प्रो. मीता कौशल, रामतेज, सत्यनारायण राम, एसपी यादव, शिव कुमार शर्मा, तरुण कुमार गौतम, जयनाथ सरोज, संजय कुमार मौर्य, पूनम वार्ष्णेय, प्रीति यादव, प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंधकगण, शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एमएलडीवी, आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल और डीआरबी इंटर कॉलेज के समस्त स्टाफ का भी कार्यक्रम में सहयोग रहा। अंत में संस्था के प्रबंधक स्वतंत्र कुमार गुप्त ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page