Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 नवंबर। नगर से सटे चंदपा कोतवाली क्षेत्र के बिसाना गांव में बुधवार रात घर के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने पहले हुई फायरिंग की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे 22 वर्षीय मानवेंद्र पुत्र राजकुमार सिंह अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में मानवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका साथी समीर भी गोली लगने से घायल हो गया। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले दूसरे पक्ष के लोगों ने मानवेंद्र पर फायरिंग की थी और उसकी घेराबंदी भी की थी। इस संबंध में पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने इलाका पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पहले की शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो शायद मानवेंद्र की जान बच सकती थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना बाकी है। बताया गया कि मानवेंद्र अविवाहित था और खेती-बाड़ी का काम करता था। परिवार ने यह भी बताया कि मई 2022 में उसके पिता राजकुमार की पुलिस हिरासत में मौत हुई थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद राजकुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया था। परिवार का कहना है कि राजकुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता थे। उनकी मौत के बाद तत्कालीन चंदपा कोतवाली प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page