
हाथरस 15 नवंबर। जनपद के मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 17 नवंबर 2026 से डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर, हाथरस सक्रिय किया जाएगा। इस सेंटर के माध्यम से नागरिक मतदाता सूची एवं निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त करने के साथ ही अपनी शिकायतें और सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1950 और लैंडलाइन नंबर 05722-297083 जारी किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आलेख्य निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इसी के मद्देनजर जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर को क्रियाशील किया जा रहा है। DCC के टोल फ्री नंबर 1950 और लैंडलाइन नंबर 05722-297083 पर कॉल करके नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम विलोपित कराने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन, अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), मतदान केंद्र और मतदाता पहचान पत्र (EPIC) से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा निर्वाचन से जुड़ी अन्य समस्याओं, शिकायतों और आवश्यक जानकारियों के लिए भी इस सेंटर की मदद ली जा सकेगी।
खास बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर की सुविधा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। यानी मतदाता किसी भी समय फोन करके निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी शिकायत या सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी, हाथरस ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 का लाभ उठाने की अपील की है। अभियान के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष कैंप दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों शनिवार और रविवार को नागरिक अपने नजदीकी मतदेय स्थल पर पहुंचकर फॉर्म-6 भरते हुए मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा अपात्र मतदाताओं के नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 भर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित कैंप दिवसों का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और अपने विवरणों की जांच अवश्य करें।











