
हाथरस 09 अप्रैल । थाना हाथरस गेट थाना क्षेत्र में जमीन के सौदे में कमीशन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक युवक के आफिस में घुसकर लाठी-डंडों और सरिया से मारपीट कर दी। पीड़ित को चोटें आई हैं। नया नगला हतीसा भगवंतपुर निवासी अनूप यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने एक खेत विपक्षियों के माध्यम से खरीदा था, जिसमें दो प्रतिशत कमीशन तय हुआ था। आरोप है कि बाद में विपक्षी कमीशन की जगह जमीन में हिस्सा मांगने लगे, जिसको लेकर कहासुनी हो गई थी। अनूप के अनुसार सात अप्रैल को वह अपने आफिस पर बैठे थे। तभी सौरभ उर्फ राहुल, गोपाल कृष्ण निवासी हतीसा और भोला निवासी जागेश्वर मुरसान गेट समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और लाठी-डंडे व सरिया से हमला कर दिया। हमले में अनूप के सिर, गर्दन और नाक पर चोटें आईं। पीड़ित ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।























