Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अप्रैल । थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में देर रात लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने तीन युवकों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस हमले में घायल एक युवक की स्थिति चिंताजनक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव जफराबाद निवासी वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी भतीजी ज्योति की ससुराल सिकंदरपुर में है। सोमवार, ६ अप्रैल की रात करीब ११ बजे ज्योति ने किसी जरूरी काम का हवाला देते हुए वीरेंद्र के बेटे नागेश्वर सिंह को बुलाया था। नागेश्वर अपने दो साथियों पवन कुमार और संतोष कुमार के साथ बाइक से सिकंदरपुर पहुँचा था।

आरोप है कि जैसे ही तीनों युवक गाँव पहुँचे, वहाँ पहले से मौजूद पदमा, विशाल, राजू, विक्रम और रोहितास ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब नागेश्वर और उसके साथियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में नागेश्वर, पवन और संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला बागला अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने संतोष की हालत बेहद गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांचों नामजद आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page