Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अप्रैल । सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला मोहल्ले में एक युवक की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामला दिल्ली वाला मोहल्ला का है, जहां रहने वाला सोनू प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। मंगलवार को उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हत्या करने वाले कोई बाहरी नहीं बल्कि उसके पड़ोसी ही थे, जिससे मोहल्ले के लोग और भी सहम गए हैं। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।

कुछ दिन पहले ही पुलिस को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी थी 

मृतक की बहन नीतू शर्मा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सोनू ने करीब पांच से आठ दिन पहले ही कोतवाली पुलिस को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी थी। परिवार का आरोप है कि आरोपी मकान बेचने का दबाव बना रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं इस मामले में सदर कोतवाल सत्येंद्र सिंह राघव का कहना है कि मृतक की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली थी। पुलिस के अनुसार, उल्टा आरोपियों की तरफ से ही पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें सोनू पर शराब के नशे में गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच की जा रही थी, लेकिन इसी बीच यह हत्या हो गई।

सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने से हुई मौत 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सोनू की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने से हुई। उसके शरीर पर छह गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आरोप है कि पहले उसे पीट-पीटकर मार डाला गया, फिर शव को गंदे नाले में फेंक दिया गया, जिससे शरीर की कई हड्डियां भी टूट गई। बताया जा रहा है कि सोनू के छोटे भाई मोनू की भी कुछ साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव आगरा रोड स्थित बंबे में मिला था। उस मामले में भी हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन सबूतों के अभाव में कार्रवाई नहीं हो सकी थी। अब दूसरी घटना के बाद परिवार पूरी तरह उजड़ गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए मोहल्ले में फोर्स तैनात कर दी है। सदर कोतवाल का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और समय पर कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page