
हाथरस 12 मार्च । हाथरस मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर राहत अहमद कुरैशी ने रमजान के अंतिम जुमे (अलविदा) और आगामी ईद-उल-फितर के लिए जिला प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं कराने की मांग की है। इस संबंध में कमेटी ने जिलाधिकारी को एक पत्र भेजा है। पत्र में बताया गया है कि रमजान का आखिरी जुम्मा (अलविदा) 13 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर की सभी मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोग दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच नमाज अदा करेंगे। इसके अतिरिक्त, चांद दिखने के अनुसार ईद-उल-फितर का त्योहार 20 या 21 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। ईद की नमाज हाथरस के ईदगाह (मुरसान गेट के पास) में सुबह लगभग 7:45 बजे अदा की जाएगी। कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि नमाज के दौरान ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, पानी के टैंकर की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, कोतवाली प्रभारी सदर कोतवाली हाथरस ,हाथरस गेट थाना प्रभारी, नगर पालिका परिषद हाथरस और फायर ब्रिगेड हाथरस को भी भेजी गई है।


























