हाथरस में वार्ष्णेय महिला वेलफेयर ने नर्सों और डॉक्टरों को किया सम्मानित, सेवा और समर्पण को किया नमन

हाथरस 08 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर वार्ष्णेय महिला वेलफेयर संस्था द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए वर्धमान हॉस्पिटल में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था की पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुँचकर मरीजों की सेवा में दिन-रात जुटीं नर्सों, सुपरवाइजरों और डॉक्टरों का उत्साहवर्धन किया और उनके अथक परिश्रम की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर और नर्स समाज की सच्ची सेवा की धुरी हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और मुस्कुराहट के साथ मरीजों की देखभाल करना मानवता की सबसे बड़ी मिसाल है। महिला दिवस के अवसर पर इन कर्मठ महिलाओं का सम्मान करना संस्था के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कोषाध्यक्ष रिचा वार्ष्णेय, नगर सचिव रेशू वार्ष्णेय, नगर कोषाध्यक्ष रचना गुप्ता एवं सहायिका पल्लवी व मंजू आदि सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए वर्धमान हॉस्पिटल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।



































