
हाथरस 08 मार्च । जन सहयोग कल्याण समिति द्वारा आज होली मिलन समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य रूप से समिति के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अतुल शर्मा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष देवदत्त सारस्वत द्वारा किया गया। समारोह के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में आपसी प्रेम, एकता एवं भाईचारे का संदेश प्रसारित किया। समिति के जिलाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह चौहान ने कार्यक्रम में आए सभी गणमान्य अतिथियों और सदस्यों का पटका पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया और विश्वास दिलाया कि समिति भविष्य में भी समाज हित के नेक कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष राजू वार्ष्णेय (एडवोकेट), जिला उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह गहलोत, डॉ. सतीश कुशवाहा, कुमार गहलोत, महेंद्र प्रताप सिंह, माधव चौहान, ऋषिपाल सिंह, अमित चौहान, के.के. चौहान और भानु प्रताप सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि वे संस्था के माध्यम से सामाजिक उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।



































