
हाथरस 08 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य ‘महिला सशक्तिकरण रैली’ का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र कृष्ण नारायण के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में पुलिस बल और स्कूली छात्राओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
महिला थाने से शहीद स्मारक तक गूंजे नारे
रैली का शुभारंभ महिला थाना परिसर से हुआ। हाथों में जागरूकता की तख्तियां और बैनर लिए महिला पुलिस कर्मियों और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक तक मार्च किया। इस दौरान “सशक्त नारी, सशक्त समाज” और “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” जैसे प्रेरणादायक नारों से पूरा वातावरण महिला सशक्तिकरण के रंग में रंग गया। मार्ग में उपस्थित आमजन ने भी पुष्प वर्षा और तालियों के साथ इस पहल का स्वागत किया।
सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
रैली के दौरान एएसपी रामानंद कुशवाहा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बिस्किट व पानी वितरित किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को यूपी पुलिस की विभिन्न हेल्पलाइनों, साइबर अपराध से बचाव और घरेलू हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि और श्रमदान
रैली का समापन शहीद स्मारक पर हुआ, जहाँ सभी प्रतिभागियों ने देश के अमर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत एक नई मिसाल पेश करते हुए महिला पुलिस कर्मियों और छात्राओं ने मिलकर स्मारक परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की। इस स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज को सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर प्रभारी महिला थाना, समस्त थानों की महिला बीट आरक्षी, विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाचार्या, छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




































