
हाथरस 25 फरवरी । उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के अंतर्गत हाथरस पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप, माननीय न्यायालय एडीजे-05 हाथरस ने दुष्कर्म के प्रयास से संबंधित एक मामले में आरोपी को कड़ी सजा सुनाई है। मामला थाना कोतवाली नगर में वर्ष 2015 में पंजीकृत किया गया था (मु.अ.सं. 644/2015), जिसमें नवीपुर खुर्द निवासी सतीश पुत्र भगवान सिंह को नामजद किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य जुटाए और प्रभावी ढंग से आरोप पत्र दाखिल किया। न्यायालय में विचारण के दौरान अभियोजन शाखा और मॉनिटरिंग सेल ने त्वरित पैरवी सुनिश्चित की, जिसके आधार पर आज माननीय न्यायालय ने अभियुक्त सतीश को दोषी करार देते हुए 07 वर्ष का सश्रम कारावास और 26 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न भरने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास का प्रावधान भी किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर अभियोजन टीम और मॉनिटरिंग सेल की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।















