
हाथरस 19 फरवरी । आज सीएमओ कार्यालय में एंटी करप्शन टीम पूछताछ के लिए पहुंची, जिससे कर्मचारियों में खलबली मच गई। टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से काफी देर तक बातचीत कर मामले से संबंधित जानकारी ली। कार्यालय में टीम के पहुंचते ही माहौल गंभीर हो गया और कर्मचारी सतर्क नजर आए। ज्ञात हो कि दो फरवरी को एक प्रशिक्षु से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सीएमओ कार्यालय की वरिष्ठ लिपिक बबिता चौहान को अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में कोतवाली हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसकी विवेचना एंटी करप्शन टीम द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को टीम तीसरी बार कार्यालय पहुंची और प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों व तथ्यों की जांच की। टीम द्वारा मामले की गहन पड़ताल की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।











