
हाथरस 19 फरवरी । रामनगर कॉलोनी निवासी हिमांशू गुप्ता ने इंडस्ट्रियल एरिया अलीगढ़ रोड स्थित सक्षम पाठक और ऊषा पाठक के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित के अनुसार 11 अगस्त 2024 को आरोपितों ने उनके शोरूम से 100 पैनल और 55 प्रोफाइल क्रमशः 470 रुपये और 100 रुपये प्रति नग की दर से खरीदे थे, जिसमें 20 हजार रुपये अग्रिम दिए गए, जबकि शेष भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि हिमांशू की गैरमौजूदगी में आरोपितों ने शोरूम में रखे पैनल व प्रोफाइल गायब कर दूसरे कारीगर से सीलिंग का काम करा लिया। 22 अगस्त को बकाया भुगतान मांगने पर आरोपितों ने तमंचे के बल पर दो खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। प्रकरण में शिवशंकर गुलाटी, इकबाल, रोहित और बाबू को गवाह बनाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।











