सादाबाद 16 फरवरी । सहपऊ थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में रविवार सुबह पैठ बाजार में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया। कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। हमलावर उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना 16 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। गांव निवासी भूपेन्द्र सिंह पुत्र वीरपाल सिंह मानिकपुर पैठ गए थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद देवेन्द्र, खेमचंद पुत्र संतोष सिंह, अभिषेक पुत्र बृजमोहन, दीपक पुत्र रामजीलाल, लाखन पुत्र डम्बर सिंह और अमित पुत्र देवशरण ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। भूपेन्द्र सिंह के अनुसार, जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो सभी आरोपी एकजुट हो गए। आरोप है कि उन्होंने लात-घूसों, बेल्ट और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि भूपेन्द्र सिंह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल भूपेन्द्र को संभाला और परिजनों को सूचना दी। बाद में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित की तहरीर पर सहपऊ थाने में सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















