सादाबाद 15 फरवरी । सहपऊ क्षेत्र के गांव रसगवां में महाशिवरात्रि के पर्व पर शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए।
गांव निवासी मुकेश कुमार ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, रविवार सुबह वह गंगा के कछला घाट से डाक कावड़ लेकर आए थे। सुबह करीब 10 बजे वह अपने परिजनों के साथ गांव के बगीचे में स्थित शिव मंदिर में भोलेनाथ पर गंगाजल चढ़ाने गए थे। इसी दौरान गांव के छह युवक वहां पहुंचे और मुकेश से कहा कि वे पहले जलाभिषेक करेंगे, क्योंकि वे ठाकुर जाति के हैं और मुकेश बघेल जाति का है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ठाकुर जाति के लोग पहले भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करेंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने आईं मुकेश की भाभी, भतीजा गौरव और मां के साथ भी युवकों ने मारपीट की। इस घटना में मुकेश, उनकी भाभी, भतीजा गौरव और मां घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और गांव में पूरी तरह से शांति व्यवस्था बनी हुई है।
















