सादाबाद 07 दिसंबर । कूपा गली स्थित लाला किशन नारायण अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने जूनियर कक्षाओं के बच्चों के लिए ब्रज दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बच्चों को बसों के माध्यम से मथुरा, वृंदावन, बरसाना, दाऊजी और रमणरेती जैसे धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दाऊजी महाराज के दर्शन से हुई, जहां बच्चों को भगवान बलराम के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद वे रमणरेती पहुंचे और रमण बिहारी ठाकुर के दर्शन किए। बच्चों ने यमुना नदी के तट पर धार्मिक वातावरण का अनुभव भी किया। भ्रमण के अगले चरण में बच्चों ने मथुरा-वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण और बरसाना में राधा रानी के दर्शन किए। इस दौरान उन्हें ब्रज की पौराणिक कथाओं, लीलाओं और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिसोदिया ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को केवल भ्रमण कराना नहीं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और धार्मिक मूल्यों से जोड़ना था। उन्होंने कहा कि ब्रज दर्शन से बच्चों को ईश्वर का साक्षात्कार करने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत का ज्ञान भी प्राप्त होता है। भ्रमण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं बच्चों के साथ मौजूद रहीं और उनकी सुरक्षा व व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया। बच्चों ने अनुशासन के साथ यात्रा का आनंद लिया और इसे अपने जीवन की एक यादगार यात्रा बताया। इस अवसर पर शिक्षक प्रदीप कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।








