हाथरस 25 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मत्स्य मंत्री एंव निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद के आज नगर आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोशीला स्वागत व सम्मान किया गया । इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करने के साथ जोशीली नारेबाजी भी की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए गये। शहर के अलीगढ़ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रदेश के कैबिनेट मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि निषाद समाज अपने अधूरे सपनों और मिशन को लेकर संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि समाज का नाम ओबीसी सूची से हटाया जाए और उन्हें अनुसूचित जाति का दर्जा मिले। कैबिनेट मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने इस अवसर पर मत्स्य विभाग की योजनाओं के बारे में लाभार्थियों को विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। डॉ. संजय कुमार ने कहा कि “निषाद वंश है, कोई जाति नहीं।” उन्होंने यह भी कहा कि जाति केवल उन लोगों के लिए समस्या बनती है जो दूसरों पर सामंतवाद और धौंस दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि वे संवैधानिक न्याय यात्रा के तहत हाथरस आए हैं। इस दौरान विभिन्न लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं और डॉ. संजय कुमार ने उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। स्वागत करने वालों में डॉ.लक्ष्मी नारायण तुरैहा, जिला मीडिया प्रभारी अनिल कश्यप, महेश चंद्र परचूनी,सियाराम तुरैहा, श्याम दहलवी, प्रमोद दहलवी आदि तमाम लोग मौजूद थे।