
सादाबाद 25 अक्टूबर । आगरा में शादी की खरीदारी के लिए जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। कार की टक्कर से महिला की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। यह घटना सादाबाद ब्लॉक के न्याय पंचायत मिढ़ावली से संबंधित है। नगला पूरी (न्यू आगरा) निवासी बबली अपने बेटे गोलू के साथ कपड़े खरीदने जा रही थीं।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बबली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोलू के पैर में चोट आई है। बबली की शादी 15 साल पहले सादाबाद ब्लॉक के न्याय पंचायत मिढ़ावली में हरेश कुमार से हुई थी। आर्थिक तंगी के कारण वह अपने पति और बच्चों के साथ मायके में रह रही थीं। उनके तीन बच्चे हैं गुंजन, कर्मवीर और गोलू। कर्मवीर दिव्यांग है। बबली के पति मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं, वहीं बबली घरों में झाड़ू-पोछा और बर्तन धोने का काम करती थीं।
परिवार में कुछ दिनों बाद बबली की भांजी की शादी थी, जिसकी तैयारियों के लिए वह खरीदारी करने निकली थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन इमरजेंसी पहुंचे। वहां से बबली के शव को आज सुबह उनके ससुराल मिढ़ावली लाया गया। इस दुखद घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।















































