हाथरस 22 सितम्बर । उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में “मिशन शक्ति” अभियान के पंचम चरण की शुरुआत शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस से की गई। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज थाना हाथरस गेट क्षेत्रान्तर्गत स्थित जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर नवरात्रि के प्रथम दिवस जन्मी नवजात कन्याओं और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने परिजनों को फल की टोकरी, कपड़ों की किट एवं उपहार भेंट किए और बच्चियों को दुलारते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में कन्या जन्म को सम्मान देना और परिवारों व आमजन में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों ने भी नवजात बच्चियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सतत चल रही है। उन्होंने बच्चियों के परिजनों को नवजात शिशुओं की देखभाल, पोषण, समय पर टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा समाज को बेटी बचाने और आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
मिशन शक्ति अभियान 5 के अंतर्गत जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को काउंसलिंग, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुनर्वास सहित 360° सपोर्ट उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थानों की एन्टी रोमियो टीमों द्वारा मंदिरों, बाजारों, प्रमुख मार्गों, कोचिंग सेंटर्स और स्कूलों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया गया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर मनचलों को कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही दुकानों व जनसेवा केंद्रों की चेकिंग कर संचालकों को अश्लील सामग्री न बेचने की सख्त हिदायत दी गई। महिला बीट अधिकारियों द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन कर महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। महिलाओं व बालिकाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा और थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र की जानकारी दी गई। साथ ही जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं और महिलाओं से संवाद कर उन्हें साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी और महिला अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं/बालिकाएं बेझिझक पुलिस, एंटी रोमियो टीम या हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर सकती हैं। इस अवसर पर महिलाओं व छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, निर्भीक होकर शिक्षा व कार्य करने और समाज में अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस विभाग ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस सदैव तत्पर है।