सादाबाद 27 अगस्त । कस्बा-देहात में बुधवार को गणपति महोत्सव की धूम रही। जगह जगह विधि विधान से गणपति जी की स्थापना की गई। गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अपने घरों में भी गणेश प्रतिमाएं स्थापित कीं।
मंदिरों को फूलों और रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है। गणेश जी के विग्रह का अलौकिक श्रृंगार किया गया। छप्पन भोग के दर्शन कराए गए। घरों में विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ गणेश जी की स्तुति की गई। प्रतिमा स्थापना से पहले कस्बे में विभिन्न जगह और बिसावर सहित देहात में शोभायात्राएं निकाली गईं। इनमें भक्तगण नृत्य करते हुए चले। बुधवार से 10 दिवसीय उत्सव का आरंभ हुआ है। इस दौरान भजन संध्या, फूलबंगला और प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। बिसावर गांव में श्री बाँके बिहारी जी मंदिर, बीच का थोक, चामड़ मोहल्ला, नगला मदारी, कस्बा सहपऊ और कुरसंडा में मूर्तियां स्थापित की गईं। पूजा-अर्चना के बाद प्रभातफेरी निकालकर प्रसाद वितरण किया गया। दस दिन के उत्सव के बाद चतुर्दशी को गणेश जी की मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।