हाथरस 24 अगस्त । संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है। शाखा से स्वयंसेवक में संस्कारों का सृजन होता है। संस्कारवान स्वयंसेवक राष्ट्र और समाज को स्वयं का समर्पण कर एक संस्कारित समाज के निर्माण करता है इसलिये हमें अपने बच्चों को शाखा अवश्य भेजना चाहिये।संघे शक्ति कलयुगे के भाव के साथ समर्थ एव शक्तिशाली समाज के लिये हमें एकजुट होकर मिलकर साथ चलना है। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रान्त के प्रचारक प्रमुख प्रीतम ने आगरा रोड स्थित खेल मैदान पर आयोजित नगर एकत्रीकरण में कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रान्त प्रचारक प्रमुख प्रीतम , विभाग सह संघचालक ललित एवँ नगर संचालक डॉ पीपी सिंह ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर व पुष्पार्चन कर किया। एकत्रीकरण में स्वयंसेवकों ने योग ,व्यायाम , दंड प्रहार, नियुद्ध आदि के कौशल प्रदर्शन किये। मुख्य वक्ता प्रान्त प्रचारक प्रमुख प्रीतम ने कहा कि संघ कार्य को सौ वर्ष पूर्ण होने जा रहे है। इन सौ वर्षों में संघ ने समाज को एक सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। संघ के सेवा कार्यो को समूचे विश्व ने सराहा है। परिस्थितियाँ कैसी भी हो संघ का स्वयंसेवक राष्ट्र व समाज के संग मजबूती के साथ खड़ा रहा। संघ शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन का कार्य करेगा। इन पंच परिवर्तनों में स्वदेशी, पर्यावरण , सामाजिक समरसता , कुटुम्ब प्रबोधन एव नागरिक कर्तव्य को स्वयं को अपनाना है और समाज के अन्य लोगो को अपनाने के लिये प्रेरित करना है। संघ ने इस शताब्दी वर्ष की यात्रा के दौरान समाज को बहुत कुछ दिया। स्वयंसेवकों द्वारा समाज की सेवा करना , समाज मे समरसता लाना , समाज मे संस्कारों का बीज रोपण करना , राष्ट्र भक्ति का भाव जागृत करना आदि कार्यो को स्वयंसेवक शाखा से ही सीखता है। इसलिये हमें अपने बच्चों को प्रतिदिन शाखा भेजना चाहिये। उन्होंने कहा कि हेडगेवार द्वारा लाई गई संघ रूपी अविरल गंगा आज देश मे फैल गई है। संघ 100 वर्ष में समाज की सेवा करके समाज को लाभांवित कर रहा है। शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन के माध्यम से उत्कृष्ट एवँ संस्कारित समाज निर्माण का कार्य करेगा। संगठित शक्ति ही परम वैभव का आधार है इसलिये हमे एकजुट होकर निरन्तर आगे बढ़ते हुये अपने राष्ट्र एव समाज के उन्नयन विकास के लिये खुद को समर्पित कर भारत को सिरमौर बनाना है। कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह भानु ने किया। इस अवसर पर जिले के दायित्वान कार्यकर्ता एव स्वयंसेवक उपस्थित रहे।