हाथरस 08 अगस्त । हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शहर के आगरा रोड स्थित शहीद स्मारक स्थल पर सदर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। गुब्बारे हवा में छोड़कर शांति का संदेश दिया गया और वातावरण ‘‘भारत माता की जय’’ तथा ‘‘वंदे मातरम्’’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद हाथरस द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें लीं और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंच पर उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष भाजपा शरद माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि सतेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अतिथियों का स्वागत बुके और पटका पहनाकर किया गया।
संस्कृति विभाग, गायिका प्राची देसाई और पुलिसकर्मी महेश नागर ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर जनपद के शहीद सैनिकों के परिजनों एवं सेवानिवृत्त सैनिकों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। लखपति दीदियों ने पुलिस कर्मियों को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार रखते हुए शहीदों के बलिदान को याद किया। समापन पर जिलाधिकारी ने सभी की उपस्थिति पर आभार जताया और पौधरोपण किया गया। उपस्थित जनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा। संचालन डीएमसी मोनिका गौतम ने किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, लखपति दीदी और अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।