
हाथरस 12 फरवरी । सीजेएम कोर्ट के आदेश पर हाथरस गेट पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। औद्योगिक आस्थान, अलीगढ़ रोड निवासी वादी राजुल मोहता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वह बीआर अथर्व वेदा फार्मास्यूटिकल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में निदेशक एवं शेयरधारक था। वर्ष 2021 में अजय कुमार शर्मा, विशेष शर्मा तथा राजकुमार के साथ अनाज मंडी के पीछे कंपनी की स्थापना की गई थी, जिसमें उन्होंने 50 लाख रुपये का निवेश किया था। आरोप है कि अन्य शेयरधारकों ने प्रवीण जैन तथा सीए सौरभ शुक्ला निवासी आगरा के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक उनके फर्जी हस्ताक्षर कर झूठा शेयर परचेज एग्रीमेंट तैयार कराया। इसी आधार पर उन्हें बिना किसी विधिक नोटिस के निदेशक पद से हटा दिया गया। थाना प्रभारी हाथरस गेट अरविंद राठी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

















