Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 फरवरी । केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम ने आज सादाबाद क्षेत्र के बास अमरू गांव का दौरा किया। उन्होंने आलू की फसल की स्थिति और प्रोसेसिंग की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और एक कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया। मंत्री ओराम अपने सचिव नितिन ओझा के पैतृक गांव बास अमरू पहुंचे थे। उन्होंने खेतों में जाकर किसानों से आलू की बुवाई से लेकर खुदाई तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। मंत्री ने फसल की गुणवत्ता परखी और उत्पादन लागत, बाजार भाव तथा भंडारण की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों ने अच्छी पैदावार के बावजूद उचित मूल्य और समय पर बिक्री को बड़ी चुनौती बताया। इस पर मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की आय बढ़ाने तथा प्रोसेसिंग यूनिटों के माध्यम से बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र के एक कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चैंबरों की स्थिति, भंडारण क्षमता और रखरखाव की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कोल्ड स्टोरेज संचालकों से बातचीत में उन्होंने किसानों को भंडारण में आने वाली दिक्कतों और आवश्यक सुविधाओं के बारे में पूछा। मंत्री ने बताया कि वह स्वयं भी किसान हैं और ओडिशा में आलू की फसल को बढ़ावा देने के लिए यहां की तकनीक का अध्ययन करने आए हैं, ताकि वहां के किसानों को भी इसकी जानकारी दी जा सके। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित मारवाड़ रिसोर्ट में भाजपा नेताओं और ग्रामीणों ने मंत्री ओराम का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमन अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रूपेंद्र सिंह नंबरदार, जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम, मंडल अध्यक्ष सूरज शाह, ठाकुर बनवारी सिंहसिकरवार, पवन अग्रवाल, राजेश कुमार गुड्डू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page