
हाथरस 10 फरवरी । हाथरस जनपद में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों को शांति व्यवस्था ड्यूटी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु थानों पर भेजे जाने से पूर्व रिजर्व पुलिस लाइन स्थित माधव प्रेक्षा गृह में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा ब्रीफ किया गया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और प्रशिक्षुओं को उनके कर्तव्यों व सात दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वह एक जनहितकारी, संवेदनशील, तकनीकी रूप से दक्ष और उत्तरदायी सेवा संगठन के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन और आम नागरिकों से शालीन व्यवहार के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।प्रशिक्षु आरक्षियों को 10 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए जनपद के सभी थानों में तैनात किया गया है। इस दौरान उन्हें थाना कार्यप्रणाली, एफआईआर पंजीकरण, जनरल डायरी, शिकायत निस्तारण, बीट ड्यूटी, पेट्रोलिंग, जनसंपर्क तथा कानून की व्यावहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह, निरीक्षक मुकेश बाबू, आरटीसी प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार सहित समस्त प्रशिक्षु आरक्षी उपस्थित रहे।

















