
हाथरस 13 अप्रैल । श्री अक्रूर जी महाराज की भव्य शोभायात्रा का विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई और समाज के विभिन्न वर्गों ने भक्ति भाव के साथ इसमें सहभागिता की। स्वागत कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने अक्रूर जी महाराज के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया और यात्रा में शामिल अतिथियों को पटका एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने सामाजिक एकजुटता और समरसता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी मेला या शोभायात्रा किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा धरोहर होती है। ऐसे आयोजन सभी वर्गों को जोड़ने और आपसी भाईचारा बढ़ाने के उद्देश्य से किए जाते हैं, इसलिए हमें ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ इनमें योगदान देना चाहिए। इस गरिमामयी स्वागत कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, सह मंत्री सचिन भार्गव और जयपाल सिंह कुशवाहा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने अक्रूर जी महाराज के दर्शन कर धर्म लाभ उठाया।


























