
हाथरस 23 अक्टूबर । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस ने सराहनीय तत्परता का परिचय दिया है। आज अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ के कुशल नेतृत्व में थाना सिकन्द्राराऊ पर गठित एंटी रोमियो व मिशन शक्ति टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान भिन्न-भिन्न स्थानों पर आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों पर टिप्पणी व फब्तियां कसने वाले तीन शोहदों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की इस मुस्तैदी से स्थानीय क्षेत्र में सराहना का माहौल है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान देव सिंह पुत्र कृपाल निवासी ग्राम नगला मोये थाना कोतवाली देहात जनपद एटा, शिवम पुत्र अरविन्द कुमार निवासी ग्राम भूपालगढी थाना सिकन्द्राराऊ जनपद हाथरस, तथा कृष्ण कुमार पुत्र सुरेश निवासी ग्राम छौंकरा थाना सिकन्द्राराऊ जनपद हाथरस के रूप में हुई है। इन तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सिकन्द्राराऊ पर क्रमशः मुकदमा संख्या 462/25, 463/25 और 464/25 धारा 296 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना सिकन्द्राराऊ की एंटी रोमियो टीम के सदस्य उपनिरीक्षक अतुल, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, महिला कांस्टेबल छाया, महिला कांस्टेबल खुशबू और कांस्टेबल गौरव कुमार की सक्रिय भूमिका रही। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस की यह कार्रवाई महिला सुरक्षा और समाज में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता और सख्त रुख की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।















































